Jharkhand News: झारखंड में पिछले एक सप्ताह से ठप जमीन की रजिस्ट्री व्यवस्था अब जल्द पटरी पर लौट सकती है। रजिस्ट्री विभाग ने सर्वर से जुड़ी तकनीकी समस्या को दूर करने के साथ अपग्रेडेशन का काम पूरा कर लिया है। इसके बाद राज्यभर में रजिस्ट्री का काम दोबारा शुरू होने की उम्मीद है।
अगले दो घंटे में सेवा बहाल होने की उम्मीद
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर तक सर्वर से संबंधित जरूरी तकनीकी काम पूरा कर लिया गया। अब सिस्टम को सामान्य रूप से चालू करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इसके बाद अगले दो घंटे के भीतर जमीन की रजिस्ट्री शुरू हो जाएगी। राज्य के कुल 43 रजिस्ट्री कार्यालयों में सर्वर की समस्या के कारण जमीन की रजिस्ट्री प्रभावित हुई थी। तकनीकी दिक्कत दूर होने के बाद इन कार्यालयों में कामकाज सामान्य होने की उम्मीद है।
रजिस्ट्री के लिए इंतजार कर रहे लोगों को मिलेगी राहत
पिछले कई दिनों से रजिस्ट्री कार्यालयों के चक्कर लगा रहे लोगों को सर्वर की समस्या के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जमीन की खरीद-बिक्री और उससे जुड़े जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई थी। अब सर्वर सेवा बहाल होने के बाद लंबित रजिस्ट्री के काम में तेजी आने की उम्मीद है। विभाग ने तकनीकी व्यवस्था को दुरुस्त करने के बाद रजिस्ट्री कार्यालयों में सामान्य कामकाज बहाल करने की तैयारी पूरी कर ली है।