Seraikela: सरायकेला सदर अस्पताल में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी और उनके समर्थकों पर डॉक्टरों व कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों में नाराजगी है। अस्पताल के उपाधीक्षक ने इस संबंध में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां को लिखित शिकायत दी है।
अस्पताल में हंगामा करने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ अक्सर अस्पताल परिसर में पहुंचते हैं और बिना ठोस कारण हो-हल्ला करते हैं। डॉक्टरों का आरोप है कि इलाज के दौरान चिकित्सकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। कर्मचारियों को कथित तौर पर नौकरी से हटवाने की धमकी भी दी जाती है।
जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप
शिकायत में डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से स्वास्थ्यकर्मियों में डर का माहौल बन रहा है। इसका असर मरीजों के इलाज और अस्पताल की सामान्य व्यवस्था पर पड़ने की बात कही गई है।
दोबारा घटना हुई तो हड़ताल की चेतावनी
अस्पताल के चिकित्सकों और पारा-मेडिकल कर्मचारियों ने कहा है कि अगर ऐसी घटनाएं दोबारा होती हैं तो उनके लिए नियमित रूप से काम करना मुश्किल होगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे हड़ताल करने के लिए मजबूर हो सकते हैं।
जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग
अस्पताल प्रबंधन ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी किसी घटना को रोकने के लिए उचित कार्रवाई और अस्पताल परिसर में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।