National Teachers Award 2026: नई दिल्ली में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार समारोह आयोजित होगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विज्ञान भवन में देश के 48 स्कूली शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार देंगी. समारोह में पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों के काम और योगदान पर बनी छोटी डॉक्यूमेंट्री फिल्में भी दिखाई जाएंगी.
शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से हर साल शिक्षक दिवस पर यह राष्ट्रीय समारोह आयोजित किया जाता है. पुरस्कार के लिए शिक्षकों का चयन ऑनलाइन और पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए किया जाता है. राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार उन शिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम किया है. इन शिक्षकों ने अपनी मेहनत और समर्पण से स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में योगदान दिया है. उन्होंने अपने छात्रों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए भी काम किया है.
15 जून से 20 जुलाई तक मांगे गए थे आवेदन
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए योग्य शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे. शिक्षकों को शिक्षा मंत्रालय के पोर्टल पर 15 जून से 20 जुलाई तक खुद नामांकन करने का मौका दिया गया था. इसके बाद शिक्षकों का चयन तीन चरणों में किया गया. जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर हुई चयन प्रक्रिया के बाद 48 शिक्षकों को पुरस्कार के लिए चुना गया.
27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षक शामिल
इस बार पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों में 27 राज्यों, 7 केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के 6 संगठनों के शिक्षक शामिल हैं. कुल 48 शिक्षकों में 26 पुरुष और 22 महिलाएं हैं.
कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार समारोह का लाइव प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा. शिक्षा मंत्रालय के स्वयं प्रभा चैनलों पर भी कार्यक्रम को लाइव देखा जा सकेगा. इसके अलावा मंत्रालय के आधिकारिक वेबकास्ट प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया चैनलों पर भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा. पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों की सूची अलग से जारी की गई है. यह सूची किसी खास योग्यता क्रम के आधार पर नहीं बनाई गई है.