Seraikela: सड़क हादसों को रोकने और रात के समय यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए सरायकेला-खरसावां यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में मुख्य सड़कों पर खड़े खराब भारी वाहनों को सुरक्षित बनाने की पहल की गई.
रात में खड़े वाहनों से रहता है हादसे का खतरा
अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि कई ट्रक और अन्य भारी वाहन खराब होने के बाद मुख्य सड़क पर ही खड़े रह जाते हैं. रात में इन वाहनों में पर्याप्त रोशनी या चेतावनी संकेत नहीं होने से पीछे और सामने से आने वाले चालकों को वाहन का पता देर से चलता है. ऐसी स्थिति में तेज रफ्तार वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है.
आगे, पीछे और किनारों पर लगाए गए रिफ्लेक्टिव टेप
जो वाहन तत्काल सड़क से हटाए नहीं जा सकते थे, उन पर यातायात पुलिस ने आगे, पीछे और दोनों किनारों पर रेडियम तथा रिफ्लेक्टिव टेप लगाए. इन टेपों की मदद से रात में वाहनों की स्थिति दूर से दिखाई देगी. इससे दूसरे वाहन चालकों को समय रहते सतर्क होने और अपनी रफ्तार कम करने में मदद मिलेगी.
वाहन खराब होने पर सावधानी बरतने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन खराब होने पर उसे जल्द से जल्द मुख्य सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें. अगर वाहन को तुरंत हटाना संभव नहीं है, तो हैजार्ड लाइट, पार्किंग लाइट और रिफ्लेक्टिव संकेतकों का इस्तेमाल जरूर करें.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे. पुलिस की इस पहल से रात के समय सड़कों पर खड़े ब्रेकडाउन वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है.