Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र की रॉयल कॉलोनी में रविवार को एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान जुगसलाई निवासी पिंटू सिंह (47 वर्ष) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पिंटू सिंह रविवार को अपनी ससुराल रॉयल कॉलोनी गए थे. वहां पहुंचने के कुछ देर बाद उनकी पत्नी ने उनके भतीजे राजवीर को फोन किया. परिजनों के अनुसार, पत्नी ने फोन पर बताया कि पिंटू के साथ कुछ हो गया है और उन्होंने आत्महत्या कर ली है.
जानकारी मिलने के बाद पिंटू के परिजन तुरंत रॉयल कॉलोनी पहुंचे. वहां की स्थिति देखकर परिजनों ने मौत को लेकर सवाल उठाए.
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
परिजनों का आरोप है कि पिंटू और उनकी पत्नी व ससुराल वालों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. इसी वजह से उन्हें पिंटू की मौत पर संदेह है. परिजनों के मुताबिक, पिंटू के गले में कपड़ा टांगने वाली रस्सी मिली थी. हालांकि, उनका दावा है कि शव फंदे से लटका हुआ नहीं था और जमीन पर पड़ा था.
परिजनों ने गले पर कपड़े से गला दबाने जैसे निशान होने का भी आरोप लगाया है. उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है.
इसके साथ ही पिंटू के परिजनों का यह भी कहना है कि इस घटना से थोड़े समय पहले ही उन्हें जुगसलाई में देखा गया था, जबकि ससुराल वालों का कहना है कि लगभग ढाई घंटे से उनकी स्कूटी ससुराल में लगी हुई है.
सीढ़ियों पर खून मिलने का भी दावा
परिजनों ने घर की सीढ़ियों पर खून के निशान मिलने का भी दावा किया है. घटना के समय पिंटू की स्कूटी भी करीब ढाई घंटे से वहां खड़ी होने की बात सामने आई है. घटना की जानकारी बागबेड़ा थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही है.
फिलहाल व्यक्ति की मौत आत्महत्या है या हत्या, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.