Ranchi Police: सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी और भ्रामक खबरों को लेकर रांची पुलिस ने लोगों को सावधान किया है. पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर आने वाली हर खबर को सही न मानें. किसी वीडियो, फोटो, मैसेज या पोस्ट को आगे भेजने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांचें.
पुलिस के मुताबिक, कुछ लोग जानबूझकर झूठी जानकारी सोशल मीडिया पर फैला रहे हैं. ऐसे लोगों का मकसद लोगों को भड़काना और माहौल खराब करना हो सकता है. फर्जी खबरों के जरिए शहर की शांति और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश की जा सकती है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भड़काऊ पोस्ट के बहकावे में न आएं.
संदिग्ध पोस्ट दिखे तो पुलिस को बताएं
अगर सोशल मीडिया पर कोई संदिग्ध, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री दिखती है, तो उसे शेयर न करें. ऐसी जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या प्रशासन को दें. पुलिस ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है.
आधिकारिक जानकारी पर ही करें भरोसा
रांची पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी खबर पर भरोसा करने से पहले उसका स्रोत जरूर देखें. केवल आधिकारिक और सत्यापित स्रोतों से मिली जानकारी पर ही विश्वास करें. पुलिस ने शहर में शांति बनाए रखने के लिए आम लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.