Palamu Crime News: पलामू के पांकी में पुलिस ने हथियारबंद गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दो आरोपी मौके से भागने में सफल रहे. यह कार्रवाई "ऑपरेशन सफाया" के तहत की गई.
लूट की तैयारी में थे आरोपी
पुलिस को 22 अगस्त की शाम गुप्त सूचना मिली थी. बताया गया कि कुछ हथियारबंद लोग कोलावा टोला के पास घूम रहे हैं. आशंका थी कि वे किसी व्यापारी या राहगीर को लूटने की तैयारी में हैं. सूचना के बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की. पुलिस को देखते ही संदिग्ध लोग भागने लगे. जवानों ने घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया. दो अन्य आरोपी नदी में कूदकर भाग गए.
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतरा के सिकनी गांव निवासी सोहन गंझू, सकिंदर गंझू और सुमन यादव के रूप में हुई है. पूछताछ में पुलिस को गिरोह के काम करने के तरीके की जानकारी मिली. पुलिस का दावा है कि आरोपी अफीम कारोबार से जुड़े लोगों को निशाना बनाते थे. हथियार दिखाकर उनसे लूटपाट की जाती थी.
हथियार और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कारबाइन बरामद की है. इसके अलावा एक मैगजीन, सात जिंदा गोलियां और एक खोखा मिला है. पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और दो बाइक भी जब्त की हैं.
पुलिस के अनुसार, गिरोह में शामिल सोहन गंझू का भाई ललिता गंझू पहले प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी से जुड़ा था. वह 2011-12 में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था.
पुलिस का कहना है कि उसके पास मौजूद हथियार बाद में सोहन गंझू के पास पहुंचा और उसका इस्तेमाल अपराध में किया जा रहा था. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
वहीं, फरार दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.