Hazaribagh: हजारीबाग के इचाक थाना क्षेत्र के नेशनल पार्क इलाके में मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव मिला. महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
दो से तीन दिन पुराना है शव
पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए महिला की मौत करीब दो से तीन दिन पहले होने का अनुमान है. हालांकि, मौत का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. प्रभारी संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच और जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लिया गया. इसके बाद शव को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
महिला की पहचान में जुटी पुलिस
महिला की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना दी है. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है. पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला नेशनल पार्क क्षेत्र में कैसे पहुंची. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा.