Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-25

Nikhar Sablok Murder Case: निखार सबलोक हत्याकांड को लेकर बोले सरयू राय:- प्रभावशाली लोगों के बैकअप से ही मजबूत होते हैं आपराधिक गिरोह, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की भूमिका पर भी उठाए सवाल

Nikhar Sablok Murder Case: चांडिल के आसनबनी स्थित होटल 10th माइल्स में कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के बाद अब शहर में अपराध, गैंग और प्रभावशाली लोगों के कथित संरक्षण को लेकर सवाल उठने लगे हैं. मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय निखार सबलोक के आवास पहुंचे. उन्होंने परिवार के लोगों से मुलाकात की और घटना पर दुख जताया.

इसके बाद मीडिया से बातचीत में सरयू राय ने निखार के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि एक समय निखार से उनके काफी करीबी संबंध थे. सरयू राय ने वर्ष 2016 की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय साकची इलाके में कुछ कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था. उनके मुताबिक, उस काम में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के प्रतिनिधि पवन अग्रवाल ने अड़ंगा लगाया था.

सरयू राय ने कहा कि निखार के पिता से भी उनके परिचय रहे हैं. उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने इस मामले को लेकर थाना जाने को कहा था. वे थाना गए थे. राय के मुताबिक, उसी शाम उनका फोन आया कि उनके बेटे को हाजत में डाल दिया गया है. इसके बाद वह थाना पहुंचे. सरयू राय ने कहा कि जब लोगों को इस घटना की जानकारी मिली तो थाना परिसर में भीड़ जुट गई थी. स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि पुलिस और लोगों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी और पुलिस की ओर से लाठीचार्ज तक की नौबत आई थी.

"राजनीतिक प्रभाव वाले लोगों के आसपास काम करने वालों की भूमिका की जांच हो"
सरयू राय ने कहा कि शहर में बढ़ते अपराध के पीछे राजनीतिक प्रभाव वाले लोगों के आसपास काम करने वाले कुछ लोगों की भूमिका भी रही है. उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले भी इस मुद्दे को मीडिया के सामने उठाया था. राय के मुताबिक, उन्होंने कहा था कि शहर के नए लड़कों को कुछ लोग अपराध की दुनिया में धकेलकर कुख्यात बना रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस बयान के बाद कांग्रेस समेत कई लोगों ने उनके खिलाफ जुलूस निकाला था. उनका पुतला भी फूंका गया था. सरयू राय ने कहा कि इसके बावजूद आज भी वह अपनी बात पर कायम हैं. उन्होंने कहा कि जिस तरह की परिस्थितियां बन रही हैं, उसमें गैंग और अपराध से जुड़े लोगों के नेटवर्क को समझना जरूरी है.

"सवाल यह है कि निखार जैसे लड़के इस रास्ते पर कैसे पहुंच रहे हैं"
सरयू राय ने कहा कि निखार से उनकी पिछले करीब डेढ़ साल से मुलाकात नहीं हुई थी. हालांकि, फोन पर बातचीत होती थी. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान निखार ने उनके लिए काफी काम किया था. इसी वजह से निखार के साथ उनके पुराने संबंध रहे हैं. राय ने कहा कि जब कोई ऐसा लड़का गलत लोगों के चंगुल में फंस जाता है तो तकलीफ होती है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर युवा लड़के इस तरह के अपराध और गैंग के बीच कैसे पहुंच जाते हैं. उनके अनुसार, सिर्फ यह कह देना पर्याप्त नहीं है कि कोई अच्छा लड़का था और गलत लोगों के बीच फंस गया. यह पता लगाना जरूरी है कि उसे इस रास्ते पर लेकर कौन आया.

"गैंग के सरदार कौन हैं, यह पता लगाना होगा"
सरयू राय ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन गैंगों के पीछे कौन लोग हैं. उन्होंने कहा कि गैंग का सरदार कौन है, यह जांच का हिस्सा होना चाहिए. राय ने शासन और प्रशासन के खुफिया तंत्र पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन को अपने खुफिया तंत्र से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए. अगर किसी गैंग के बारे में पहले से जानकारी मिल रही है तो उस पर कार्रवाई जरूरी है. उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती है तो इसका खामियाजा शहर को भुगतना पड़ता है.

"निखार की हत्या शासन-प्रशासन और युवाओं के लिए सबक"
सरयू राय ने कहा कि निखार की हत्या की घटना शासन-प्रशासन के लिए भी एक सबक है. यह घटना शहर के युवाओं के लिए भी एक संदेश है. उन्होंने युवाओं से अपराधियों और गैंग के साथ जुड़ने से बचने की अपील की. राय ने कहा कि युवाओं को अपने रोजगार और कारोबार पर ध्यान देना चाहिए. किसी गैंग या अपराधी के साथ जुड़कर अपनी पहचान बनाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी गैंग के साथ जुड़कर समाज में रुतबा बनाने की कोशिश आखिरकार नुकसान ही पहुंचाती है.

"हत्या में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो"
सरयू राय ने शासन और प्रशासन से निखार की हत्या में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि पुलिस को आरोपियों की तलाश में छापेमारी करनी चाहिए. यह पता लगाया जाना चाहिए कि आरोपी कहां छिपे हैं. इसके साथ ही यह भी जांच होनी चाहिए कि उन्हें किसी का संरक्षण तो नहीं मिल रहा. उन्होंने कहा कि सिर्फ घटना को अंजाम देने वाले लोगों तक जांच सीमित नहीं रहनी चाहिए. हत्या के पीछे मौजूद पूरे नेटवर्क की भी जांच होनी चाहिए.

बन्ना गुप्ता का नाम लेकर भी उठाए सवाल
सरयू राय ने बातचीत के दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब लोग उनसे दूर होते हैं तो सीधे कदमा पहुंच जाते हैं और फिर बन्ना गुप्ता से मिलते हैं. राय ने सिदगोड़ा में जमीन कब्जे से जुड़े एक मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वहां एक जमीन पर कब्जा कर बाउंड्री किए जाने की बात सामने आई थी. राय ने कहा कि इस मामले में बन्ना गुप्ता की ओर से पैरवी किए जाने की बात भी सामने आई थी. हालांकि, इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. सरयू राय ने कहा कि ऐसे मामलों में उन लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए जो राजनीतिक या प्रशासनिक रूप से प्रभावशाली हैं.

"प्रभावशाली लोगों की भूमिका से गैंग को ताकत मिलती है"
सरयू राय ने कहा कि जब तक राजनीति और प्रशासन में प्रभाव रखने वाले लोगों की संदिग्ध गतिविधियों पर रोक नहीं लगेगी, तब तक अपराधी गिरोहों को ताकत मिलती रहेगी. उन्होंने कहा कि गैंग अपने दम पर इतनी ताकतवर स्थिति में नहीं पहुंचते. कहीं न कहीं उन्हें राजनीतिक, प्रशासनिक या सामाजिक स्तर पर समर्थन और संरक्षण मिलने की संभावना की भी जांच होनी चाहिए. राय ने कहा कि किसी लड़के के बारे में यह कहना कि वह अच्छा था और गैंग में फंस गया, समस्या का समाधान नहीं है. यह भी पता लगाना होगा कि उसे गैंग तक पहुंचाने वाला कौन था और उसके पीछे कौन लोग खड़े थे.

पुलिस प्रशासन में प्रभावशाली लोगों की पहुंच पर भी सवाल
सरयू राय ने कहा कि उन्होंने शासन और प्रशासन को इन मुद्दों की जानकारी दी है. लेकिन उनकी चिंता यह है कि पुलिस प्रशासन में भी प्रभावशाली लोगों की बड़ी पहुंच और संबंध बने रहते हैं. उनके अनुसार, इसी वजह से कई बार कार्रवाई प्रभावित होने की स्थिति बनती है. राय ने कहा कि अगर अपराधियों और प्रभावशाली लोगों के बीच संबंध हैं तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए.

होटल 10th माइल्स में हुई थी निखार की हत्या
बता दें कि सोमवार को सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित होटल 10th माइल्स में निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. निखार कदमा के विजय हेरिटेज के रहने वाले थे. बताया गया कि वह होटल में मीटिंग के लिए रुके थे. मीटिंग के बाद जैसे ही वह होटल से बाहर निकले, हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी. फायरिंग में निखार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल इलाज के लिए टीएमएच जमशेदपुर ले जाया गया. जहां उन्हें मृत घोषित क्र दिया गया. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से खोखे भी बरामद किए हैं. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. शुरुआती जांच में दो संदिग्धों के CCTV में दिखाई देने की बात सामने आई है. पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है. हमलावर स्थानीय थे या बाहर से आए थे, इसकी भी जांच की जा रही है.

जमीन विवाद समेत कई एंगल पर जांच
निखार की हत्या की वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है. पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. जमीन विवाद का एंगल भी सामने आया है. इसके अलावा कारोबारी विवाद और आपराधिक गिरोह से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है. हालांकि, इन कारणों की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. सरायकेला-खरसावां एसपी मनोज स्वर्गीयारी भी सोमवार शाम घटनास्थल पर पहुंचे थे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली और जांच की दिशा में जरूरी निर्देश दिए. पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान समेत सभी पहलुओं पर जांच चल रही है. सरयू राय ने कहा कि निखार हत्याकांड में सिर्फ शूटरों को पकड़ना पर्याप्त नहीं होगा. हत्या के पीछे कौन है, गैंग का नेटवर्क किस तरह काम कर रहा है और उसे किसका संरक्षण मिल रहा है, इन सभी सवालों के जवाब भी जांच के जरिए सामने आने चाहिए.

युवाओं को सरयू राय की सलाह
सरयू राय ने युवाओं से कहा कि अपराध की दुनिया में कोई लंबा भविष्य नहीं है. गैंग से जुड़े लोग पूरी जिंदगी उस रास्ते पर नहीं टिक सकते. इसलिए युवाओं को अपने दम पर रोजगार और कारोबार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी के प्रभाव, लालच या अपराधी नेटवर्क के सहारे आगे बढ़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. ऐसे रास्ते का नुकसान सिर्फ युवक को नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार को उठाना पड़ता है. सरयू राय ने कहा कि समाज और शासन-प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है कि युवाओं को अपराध की दुनिया में जाने से रोका जाए.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !