Ramgarh News: रामगढ़ में अपराधियों पर नियंत्रण को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के न्यायालय ने चार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है. इनमें एक को तीन महीने के लिए जिला बदर किया गया है, जबकि तीन अन्य को लगातार तीन महीने तक हर सप्ताह थाने में हाजिरी लगाने का निर्देश दिया गया है.
रियाज अंसारी तीन महीने के लिए जिला बदर
रामगढ़ प्रशासन ने कुख्यात अपराधी रियाज अंसारी को तीन महीने के लिए जिले से बाहर रहने का आदेश दिया है. आदेश जारी होने के 24 घंटे के अंदर उसे रामगढ़ की सीमा छोड़नी होगी. तीन महीने की अवधि में उसके रामगढ़ में प्रवेश पर रोक रहेगी. पुलिस उसकी गतिविधियों पर भी नजर रखेगी.
तीन अपराधियों को देनी होगी हाजिरी
प्रशासन ने निशांत सिंह, प्रभात कुमार सिंह उर्फ सिक्कू सिंह और गुलशन कुमार सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की है. तीनों को अगले तीन महीने तक हर सप्ताह संबंधित थाने में हाजिरी लगानी होगी. इस दौरान पुलिस उनकी गतिविधियों की निगरानी करेगी.
चारों के हथियारों को लेकर भी प्रशासन ने निर्देश जारी किया है. अगर किसी के पास लाइसेंसी हथियार है, तो उसे संबंधित थाने में जमा करना होगा. जिला बदर या हाजिरी की अवधि में हथियार रखने की अनुमति नहीं होगी.
आदेश तोड़ने पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने साफ किया है कि सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हैं. इनका उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 की धारा 25 समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई हो सकती है. प्रशासन के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य रामगढ़ में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना है.