Koderma News: कोडरमा के डोमचांच प्रखंड में बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, अघोषित लोड शेडिंग के नाम पर बार-बार बिजली काटी जा रही है. कुछ देर के लिए सप्लाई लौटती है और फिर अचानक बंद हो जाती है. लंबे समय से चल रही इस परेशानी को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है.
रात से ही जारी है बिजली का संकट
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात करीब 12 बजे बिजली वापस आई थी. इसके बाद बीच-बीच में सप्लाई बंद होती रही. सुबह फिर बिजली गुल हो गई. करीब 9 बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन कुछ ही देर में दोबारा कट गई. दोपहर में बिजली आई भी तो करीब दो मिनट बाद फिर चली गई. इसके बाद से अब तक सप्लाई सामान्य नहीं हो सकी है.
बिजली नहीं रहने से घरों में लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है. गर्मी और उमस ने परेशानी को और बढ़ा दिया है. बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. छात्रों को पढ़ाई के लिए जरूरी माहौल नहीं मिल पा रहा है. बिजली संकट ने स्थानीय व्यवसायों की रफ्तार भी रोक दी है. क्रेशर प्लांट समेत कई छोटे और बड़े कारोबार इससे प्रभावित हुए हैं. मशीनों का काम रुकने से कारोबारियों को नुकसान झेलना पड़ रहा है.
सड़क पर उतरने की तैयारी
लगातार कटौती से नाराज लोगों के बीच अब विरोध प्रदर्शन की चर्चा शुरू हो गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अनियमित बिजली आपूर्ति से उन्हें लंबे समय से परेशानी हो रही है. उन्होंने बिजली विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. साथ ही अघोषित कटौती का स्थायी समाधान निकालने की अपील की है.