Simdega: सिमडेगा पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से तीन मवेशी, एक बोलेरो पिकअप वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धर्मदेव पासवान ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को 25 अगस्त को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ की ओर से मवेशियों को तस्करी कर गुमला ले जाया जा रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पहले इसकी पुष्टि की. इसके बाद कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप वाहन को रोका गया. पुलिस को देखते ही वाहन चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया. हालांकि, मौके पर मौजूद दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया.
पूछताछ में सामने आई पूरी जानकारी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शनि उरांव (30 वर्ष) और बुधा उरांव (लगभग 37 वर्ष) के रूप में हुई है. शनि उरांव सुरसा खोटाटोली, थाना सिसई, गुमला का रहने वाला है. वहीं बुधा उरांव चरकटोली जामटोली, थाना एवं जिला गुमला का निवासी है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने मवेशियों को खरीदने की बात स्वीकार की. उन्होंने बताया कि मवेशियों को सिमडेगा के रास्ते गुमला ले जाकर बूचड़खाने में बेचने की योजना थी.
पिकअप समेत ये सामान बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन मवेशियों को बरामद किया. इसके साथ ही एक बोलेरो पिकअप वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीत कुमार, अनुपम एक्का और सअनि चंद्र मोहन होरो शामिल रहे. सशस्त्र बल और चौकीदारों ने भी पुलिस टीम के साथ कार्रवाई में सहयोग किया.