South Eastern Railway: दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) ने South Eastern Railway Men’s Union (SERMU) के नए केंद्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है। यह सूची 21 और 22 अगस्त 2026 को चक्रधरपुर में आयोजित SERMU की द्विवार्षिक आमसभा (BGM) में चुने गए पदाधिकारियों के आधार पर जारी की गई है। दक्षिण पूर्व रेलवे के कार्मिक विभाग ने 26 अगस्त को सभी संबंधित अधिकारियों और मंडलों को इसकी जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मलय चंद बनर्जी को अध्यक्ष की जिम्मेदारी
रेलवे की ओर से जारी सूची के अनुसार मलय चंद बनर्जी को SERMU का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं शिवजी शर्मा को वर्किंग प्रेसिडेंट और आशीष मुखर्जी तथा गौतम बोस को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। गौतम मुखर्जी को यूनियन का जनरल सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा के. कृष्णा राव, देबाशीष चक्रवर्ती, पंकज कुमार जाना, अभिजीत मल्लिक, मनोज कुमार सिंह और दीपक कुमार को अतिरिक्त महासचिव बनाया गया है।
कई पदाधिकारियों को संगठन में अहम जिम्मेदारी
SERMU की नई केंद्रीय टीम में जवाहर लाल, सुकांत मल्लिक, श्रीमन चटर्जी, कबीर मल्लिक, अजय कुमार सिंह और गौतम मुखर्जी को असिस्टेंट जनरल सेक्रेटरी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निर्मल कुमार जाना और उपेन मर्दाना को ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी बनाया गया है। गोपाल ऐच को फाइनेंस सेक्रेटरी की जिम्मेदारी मिली है।
21-22 अगस्त को चक्रधरपुर में हुई थी BGM
दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि SERMU के महासचिव द्वारा भेजी गई सूची को 21 और 22 अगस्त 2026 को महत्मा गांधी सभागार, चक्रधरपुर में आयोजित द्विवार्षिक आमसभा के दौरान संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपनाया गया।
रेलवे के कार्मिक विभाग ने SERMU की ओर से भेजी गई सूची को सूचना, मार्गदर्शन और आवश्यक कार्रवाई के लिए सभी PHODs/HODs, चारों मंडलों के DRM, संबंधित कार्मिक अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजा है। नई सूची SERMU महासचिव के 24 अगस्त 2026 के पत्र के संदर्भ में जारी की गई है।