Kolhan University Admission: कोल्हान विश्वविद्यालय के कॉलेजों में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के लिए अब भी दाखिले का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए एक और मौका आया है. विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-2030 के सेमेस्टर-1 में खाली पड़ी सीटों पर नामांकन की तारीख बढ़ा दी है. अब पात्र विद्यार्थी 5 सितंबर 2026 तक अपना एडमिशन करा सकेंगे. इस संबंध में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है.
पहले आवेदन कर चुके छात्रों को ही मिलेगा मौका
इस बार सभी छात्रों के लिए नया आवेदन शुरू नहीं किया गया है. यह मौका केवल उन विद्यार्थियों को दिया गया है, जिन्होंने पहले ही चांसलर पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन किसी कारण से उनका नामांकन नहीं हो पाया. छात्र उसी विषय में दाखिला ले सकेंगे, जिसके लिए उन्होंने पहले पोर्टल पर आवेदन किया था.
कॉलेजों को खाली सीटों की जानकारी सार्वजनिक करने का निर्देश
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों तथा प्रभारी प्राचार्यों को जरूरी निर्देश दिए हैं. कॉलेजों को सरकार की ओर से तय कुल वार्षिक क्षमता को बनाए रखना होगा. इसी सीमा के भीतर जरूरत के अनुसार विषयवार खाली सीटों का समायोजन कर विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित करना होगा. छात्रों को जानकारी लेने के लिए अलग-अलग जगह भटकना न पड़े, इसके लिए कॉलेजों को अपनी खाली सीटों और एडमिशन से जुड़ी पूरी जानकारी नोटिस बोर्ड पर लगाने को कहा गया है. कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर भी यह जानकारी उपलब्ध करानी होगी.
दो महीने बाद भी बड़ी संख्या में सीटें खाली
दरअसल, एडमिशन प्रक्रिया शुरू हुए करीब दो महीने हो चुके हैं. इसके बावजूद विश्वविद्यालय के ज्यादातर कॉलेजों में कई विषयों की सीटें अभी भी खाली हैं. पिछले साल की तुलना में इस बार अब तक करीब 20 से 25 प्रतिशत कम नामांकन हुआ है. स्थिति यह है कि कई कॉलेजों में कुल उपलब्ध सीटों की 50 प्रतिशत सीटों पर भी एडमिशन नहीं हो पाया है.
बार-बार बढ़ानी पड़ रही है तारीख
कम नामांकन के कारण कॉलेजों में सीटें भरना विश्वविद्यालय के लिए चुनौती बना हुआ है. इसी वजह से खाली सीटों को भरने के लिए एडमिशन की तारीख बार-बार बढ़ानी पड़ रही है. अब विश्वविद्यालय ने एक बार फिर 5 सितंबर तक नामांकन का मौका दिया है, ताकि पहले से आवेदन कर चुके अधिक से अधिक विद्यार्थियों का दाखिला हो सके.