Bokaro News: बोकारो के चास में मदद के नाम पर एक दुकानदार को साइबर ठग ने ऐसा फंसाया कि उसका बैंक खाता ही ब्लॉक हो गया. आरोपी ने मां की बीमारी का हवाला देकर दुकानदार से मदद मांगी और पहले उसके खाते में 5 हजार रुपये ट्रांसफर किए. बदले में दुकानदार से उतनी ही रकम नकद ले ली.
पहले खाते में भेजे पैसे, फिर मांगा कैश
मामला चास थाना क्षेत्र के चेकपोस्ट का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, एक युवक दुकानदार के पास पहुंचा और अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कही. उसने मदद के तौर पर 5 हजार रुपये नकद देने की बात कही. आरोपी ने पहले दुकानदार के बैंक खाते में 5 हजार रुपये जमा किए. इसके बाद दुकानदार ने उसे उतनी ही रकम कैश में दे दी. दुकानदार को उस समय किसी तरह का शक नहीं हुआ.
कुछ देर बाद खाते पर लगा प्रतिबंध
मामला तब सामने आया, जब पुरुलिया पुलिस की ओर से दुकानदार को फोन किया गया. पुलिस ने बताया कि उसके बैंक खाते में अवैध रकम ट्रांसफर हुई है. इसी वजह से खाते को ब्लॉक किया गया है. यह सुनकर दुकानदार के होश उड़ गए. उसे समझ आया कि मदद के नाम पर उसके साथ साइबर ठगी की गई है.
आरोपी को पुलिस के हवाले किया
इसके बाद दुकानदार ने कुछ स्थानीय लोगों और एक पत्रकार की मदद से आरोपी को पकड़ लिया. आरोपी को सेक्टर-4 थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी अकेले इस तरह की ठगी कर रहा था या उसके पीछे कोई बड़ा साइबर नेटवर्क भी सक्रिय है.
मदद करने से पहले रहें सावधान
यह मामला लोगों के लिए भी सतर्क रहने का संदेश है. किसी अनजान व्यक्ति के खाते में पैसे ट्रांसफर करने या उसके कहने पर नकद लेने-देने से पहले पूरी जानकारी जरूर जांच लें. साइबर ठग अक्सर भरोसा जीतने के लिए बीमारी या किसी जरूरी काम का बहाना बना सकते हैं.