Railway News: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते अक्टूबर में रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। सुरक्षा और विकास से जुड़े इस कार्य के कारण मंडल से होकर चलने वाली 8 यात्री ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। इनमें 6 ट्रेनें रद्द रहेंगी, एक ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलेगी, जबकि एक ट्रेन निर्धारित समय से देरी से रवाना होगी।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे के मुताबिक 18309 संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस 6 और 8 अक्टूबर को रद्द रहेगी। इसकी वापसी सेवा 18310 जम्मूतवी-संबलपुर एक्सप्रेस 9 और 11 अक्टूबर को नहीं चलेगी।
इसी तरह 18105 राउरकेला-जयनगर एक्सप्रेस 10 अक्टूबर और 18106 जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस 11 अक्टूबर को रद्द रहेगी। इसके अलावा 15028 गोरखपुर-हटिया मौर्य एक्सप्रेस 12 अक्टूबर और इसकी वापसी ट्रेन 15027 हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को रद्द रहेगी।
राजधानी एक्सप्रेस बदले रूट से चलेगी
नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य का असर 13351 धनबाद-अल्लेपी एक्सप्रेस पर भी पड़ेगा। यह ट्रेन 13 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से 2 घंटे की देरी से रवाना होगी।
20818 नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस 4 और 11 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो, आद्रा, मेदिनीपुर, हिजली, भद्रक और कटक होते हुए भुवनेश्वर पहुंचेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने यात्रियों को रेलवे हेल्पलाइन 139 या NTES के माध्यम से ताजा जानकारी लेने की सलाह दी है।