Jamtara News: मतदाता सूची में आदिवासियों के नाम हटाए जाने के आरोप ने झारखंड में राजनीतिक बहस को गरमा दिया है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है. अंसारी ने कहा कि भाजपा जामताड़ा को राजनीतिक तौर पर निशाना बना रही है और वोटर लिस्ट के मुद्दे को लेकर राजनीति कर रही है.
मंत्री ने बाबूलाल मरांडी पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर उन्हें आदिवासी, दलित और झारखंड के लोगों की इतनी चिंता है तो उन्हें भाजपा छोड़ देनी चाहिए. अंसारी ने भाजपा पर आदिवासियों और मूलवासियों के अधिकारों को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि उनके रहते किसी आदिवासी, दलित या मुसलमान का नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी.
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी मंत्री ने भाजपा पर हमला बोला. उनका आरोप है कि SIR को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है. अंसारी ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठ के नाम पर लोगों के बीच डर का माहौल बनाया जा रहा है. मंत्री के मुताबिक, जांच में भाजपा के इन आरोपों की पुष्टि करने वाला कोई मामला सामने नहीं आया है.
अस्पताल में तोड़फोड़ का जिक्र
इरफान अंसारी ने भाजपा नेताओं के धरने के दौरान अस्पताल में हुई कथित तोड़फोड़ का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने दावा किया कि इस घटना से इलाज प्रभावित हुआ और एक आदिवासी की मौत हो गई. मंत्री ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को इस मामले में भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.
भाईचारे की राजनीति की दी नसीहत
बाबूलाल मरांडी की उम्र का हवाला देते हुए अंसारी ने कहा कि अब उन्हें नफरत की राजनीति छोड़कर भाईचारे की बात करनी चाहिए. इसी संदर्भ में उन्होंने बाबूलाल मरांडी को "इरफान अंसारी की पाठशाला" में आने की बात कही. उन्होंने कहा कि यहां हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की सीख दी जाएगी.
राजधनवार चुनाव का भी किया जिक्र
मंत्री ने राजधनवार से बाबूलाल मरांडी की चुनावी जीत का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें मुस्लिम मतदाताओं की भी अहम भूमिका रही थी. अंसारी ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद मरांडी के रवैये में बदलाव आया है.
मंत्री ने कहा कि जामताड़ा में गलत बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे जामताड़ा आएं, नाश्ता करें, जूस पिएं और जरूरत हो तो ग्लूकोज भी लें. लेकिन उलूल-जुलूल बयान देने पर उन्हें जवाब दिया जाएगा.