Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-28

Lohardaga News: लोहरदगा में बाईपास निर्माण स्थल पर अपराधियों का हमला, गार्ड को गोली मारी; हाईवा में लगाई आग

Lohardaga News: लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात बाईपास सड़क निर्माण स्थल पर दो हथियारबंद अपराधियों ने हमला कर दिया। अपराधियों ने निर्माण स्थल पर तैनात गार्ड शशि भूषण लकड़ा को गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद अपराधियों ने एक हाईवा में आग लगा दी, जबकि एक अन्य वाहन को भी जलाने का प्रयास किया गया।


गार्ड को वाहन से उतारकर मारी गोली

साइट इंचार्ज के अनुसार, रात में दो युवक छोटे हथियार लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे थे। उस समय गार्ड हाईवा में बैठा हुआ था। अपराधियों ने उसे वाहन से बाहर निकाला और गोली मार दी। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद अन्य कर्मियों पर भी फायरिंग की, हालांकि कर्मचारी किसी तरह बच निकलने में सफल रहे।

हमले के बाद अपराधियों ने हाईवा को आग के हवाले कर दिया, जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। एक अन्य वाहन में भी आग लगाए जाने की सूचना है, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।


एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से दो खोखे भी बरामद हुए हैं। घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस बल को वहां तैनात किया गया है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


19.5 किलोमीटर लंबी सड़क का हो रहा निर्माण

लोहरदगा में हिरही से जोगना तक करीब 19.5 किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसी निर्माण कार्य के दौरान यह वारदात हुई है। घटना ने निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। साइट इंचार्ज के मुताबिक, घटना से पहले किसी तरह की धमकी या धमकी भरी पर्ची मिलने की जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !