Ranchi Road Accident: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के रामपुर के पास शनिवार को सड़क पर काम कर रहे मजदूरों के लिए अचानक तेज रफ्तार कंटेनर काल बन गया. हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना में तीन अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
काम कर रहे मजदूरों पर पलट गया कंटेनर
हादसा पुराना रामपुर के पास NH-33 पर हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क मरम्मत और निर्माण का काम चल रहा था और मजदूर रोज की तरह काम में जुटे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित हो गया. वाहन सीधे मजदूरों की ओर चला गया और उन्हें अपनी चपेट में लेने के बाद सड़क पर पलट गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीनों घायल मजदूरों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया. वहीं, मृत मजदूरों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
NH-33 पर कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
कंटेनर के सड़क पर पलटने के कारण NH-33 पर कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू कर दी. फिलहाल नामकुम थाना पुलिस हादसे की पूरी घटना की जांच कर रही है.