Dhanbad News: रक्षाबंधन के मौके पर मां के साथ रिश्तेदार के घर आए 13 वर्षीय बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना गोंदुडीह ओपी क्षेत्र के भोलानाथ बसेरिया स्थित बसेरिया नंबर-5 तालाब की है। बच्चे के शव के मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया।
मृतक की पहचान माटीगढ़ा, बाघमारा निवासी 13 वर्षीय बच्चे के रूप में हुई है। वह रक्षाबंधन पर अपनी मां के साथ मौसा करीमन चौहान के घर भोलानाथ बसेरिया आया था।
नहाने के लिए निकला, फिर नहीं लौटा
बताया गया कि शुक्रवार शाम बच्चा पास के तालाब में नहाने के लिए गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोगों ने रातभर आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह तालाब में बच्चे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
गहरे पानी में जाने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान बच्चा तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि घटना की पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही गोंदुडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में भी शोक का माहौल है।