Bokaro: बोकारो के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बारिश के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तियाड़ा मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े सीमेंट लदे ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई. इस हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय सरोज कुमार की मौत हो गई. वहीं अमित कुमार (19) और लक्ष्मण कुमार (19) गंभीर रूप से घायल हो गए. लक्ष्मण की हालत नाजुक बताई जा रही है.
राखी के लिए घर आ रहा था लक्ष्मण
परिजनों के मुताबिक, लक्ष्मण छत्तीसगढ़ से अपनी बहन से राखी बंधवाने घर लौट रहा था. वह बस से पुरुलिया पहुंचा और वहां से चंदनकियारी आया. लक्ष्मण को लेने सरोज और अमित बाइक से चंदनकियारी पहुंचे थे. इसके बाद तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे.
बाइक खराब होने के बाद हुआ हादसा
तियाड़ा मोड़ के पास उनकी बाइक खराब हो गई. इसी दौरान सड़क किनारे खड़े सीमेंट लदे ट्रक से बाइक टकरा गई. टक्कर के बाद तीनों घायल हो गए. ग्रामीणों और पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने सरोज कुमार को मृत घोषित कर दिया. अमित और लक्ष्मण का इलाज जारी है. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. पुलिस ने बाइक और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया है. चास मुफस्सिल थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.