Jamshedpur News: टोंटा थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरू में जमीन विवाद में एक ही आदिवासी परिवार के तीन लोगों की हत्या के बाद शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा जमशेदपुर पहुंचे. एमजीएम मेडिकल कॉलेज में तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए लाए गए थे. यहां घटना में बचे परिवार के एक सदस्य ने अर्जुन मुंडा से मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की.
अर्जुन मुंडा ने डीसी-एसपी से की बात
मामले की जानकारी लेने के बाद अर्जुन मुंडा ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त और एसपी से फोन पर बातचीत की.
उन्होंने तीनों शवों का जल्द पोस्टमार्टम कराने और परिवार के बचे सदस्य को पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग की.
सरकार पर साधा निशाना
अर्जुन मुंडा ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जमीन और राजस्व से जुड़े विभाग के मंत्री इसी क्षेत्र से आते हैं. इसके बावजूद जमीन विवाद में एक परिवार के तीन लोगों की हत्या होना गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में प्रशासन को विवाद बढ़ने से पहले ही हस्तक्षेप करना चाहिए.
पति-पत्नी और बेटे की हुई थी हत्या
टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरू में 26 अगस्त को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी. मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय राजिन दोरायबुरू, उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू और 12 वर्षीय बेटे काण्डे दोरायबुरू के रूप में हुई है.
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्य रगमिया दोरायबुरू ने थाने में शिकायत देकर जमीन विवाद के चलते तीन लोगों की हत्या और शव छिपाने की जानकारी दी थी. जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर तीनों शव बरामद किए गए. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की है. शुरुआती जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया गया है. फिलहाल पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है.