Jamshedpur News: जमशेदपुर में मतदाता सूची को पूरी तरह से सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत, मिले हुए दावों और आपत्तियों की सुनवाई के लिए बनाए गए केंद्रों का शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने औचक निरीक्षण किया.
उन्होंने समाहरणालय परिसर, धालभूम एसडीओ कार्यालय, आईटीडीए कार्यालय, जिला जनसंपर्क कार्यालय और वाणिज्य कर विभाग में बनाए गए सुनवाई केंद्रों का जायजा लिया. इस दौरान उनके साथ उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत कई ईआरओ और एईआरओ मौजूद रहे.
नागरिकों को न हो कोई परेशानी, पारदर्शी व्यवस्था के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से कागजात की जांच और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सुनवाई केंद्रों पर आने वाले हर नागरिक को प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि किसी को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें.
उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि SIR-2026 का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह से साफ-सुथरा और अपडेट बनाना है. उन्होंने जिले के सभी योग्य नागरिकों और मतदाताओं से अपील की है कि वे वोटर लिस्ट में अपने नाम और पते की जांच खुद जरूर कर लें. अगर किसी का नाम छूट गया है, नाम या पते में कोई गड़बड़ी है, तो वे तुरंत निर्धारित फॉर्म भरकर अपनी आपत्ति या दावा दर्ज कराएं.
समय सीमा के भीतर निपटारे पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्रों पर पेयजल और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं बनी रहें. साथ ही, आम जनता से मिलने वाले दावों और आपत्तियों की जांच कर नियम के अनुसार तय समय-सीमा के अंदर ही उनका निपटारा किया जाए, ताकि मतदाता सूची को समय पर अंतिम रूप दिया जा सके.