Jamshedpur Police Review Meeting: जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए पुलिस महकमे ने कमर कस ली है. पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने पुलिस ऑफिस के सभागार में जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. इस बैठक का मुख्य मकसद थानों में सालों से अटके मामलों की फाइलें निपटाना और पेंडिंग केसों की प्रगति की समीक्षा करना था.
बैठक में एसएसपी ने खासकर पुराने और संगीन अपराधों से जुड़े लंबित मामलों पर सख्त रुख अपनाया. उन्होंने अधिकारियों को साफ हिदायत दी कि मुकदमों की जांच में तेजी लाएं और पक्के सबूतों के आधार पर केसों को जल्द से जल्द बंद करें.
अपराध पर नकेल कसने के लिए एसएसपी ने कई कड़े निर्देश जारी किए. उन्होंने शातिर और आदतन अपराधियों के खिलाफ सीसीए (CCA) के तहत कार्रवाई करने, हिस्ट्रीशीटरों की फाइलों को अपडेट रखने और संदिग्ध लोगों का पुलिस वेरिफिकेशन करने का आदेश दिया.
इसके साथ ही, लंबे समय से फरार चल रहे इनामी और वांछित अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया है. एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि मामलों की जांच में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई करनी होगी.