Ghatsila News: पूर्वी सिंहभूम में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घाटशिला पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने अमाईनगर पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को सूचना मिली थी कि मुसाबनी क्षेत्र से कुछ युवक ब्राउन शुगर लेकर घाटशिला थाना क्षेत्र में बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

अमाईनगर पुलिया के पास हुई कार्रवाई
एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घाटशिला थाना क्षेत्र के अमाईनगर पुलिया के समीप घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में पहुंचे दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
मुसाबनी के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय महानंद (19) और आकर्षित कुमार (19) के रूप में हुई है। दोनों मुसाबनी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने उनके पास से काले रंग की एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
मामले में घाटशिला थाना में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

नशे के नेटवर्क की कड़ी तलाश रही पुलिस
पुलिस अब बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कार्रवाई में एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी के अलावा सहायक थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक रजनीश आनंद, प्रेम कुमार निषाद, सहायक अवर निरीक्षक आलोक कुमार समेत घाटशिला थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे। पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।