Bihar News: बिहार के पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में रोजगार मेले का आयोजन किया गया. रोजगार की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में युवा इस मेले में पहुंचे. मेले में कई कंपनियों ने हिस्सा लिया. युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने की कोशिश की गई.
76 कंपनियों ने लिया हिस्सा
रोजगार मेले में कुल 76 कंपनियों के पहुंचने की बात कही गई. यहां युवाओं के लिए विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर रखे गए. आयोजकों की ओर से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा गया था.

पप्पू यादव ने रोजगार को लेकर कही बड़ी बात
इस मौके पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने रोजगार को लेकर अपने प्रयासों का जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में करीब 40 लाख युवाओं को रोजगार दिया गया है. सांसद ने यह भी कहा कि अगले एक साल में 3 लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य है. पप्पू यादव के मुताबिक, इस रोजगार मेले के जरिए करीब 20 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
युवाओं से की खास अपील
सांसद पप्पू यादव ने युवाओं और खासकर जेन-जी से रोजगार के मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि युवाओं को जाति और आरक्षण की राजनीति से ऊपर उठकर रोजगार के लिए संघर्ष करना चाहिए. वहीं, रोजगार मेले में नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंचे कई युवाओं में चयन और रोजगार मिलने को लेकर खुशी नजर आई. युवाओं ने ऐसे आयोजनों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने वाला मंच बताया.