Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-30

Ramgrah News: गिद्दी-भुरकुंडा के बीच दामोदर नदी पर 17.47 करोड़ की लागत से बनेगा नया पुल, टेंडर प्रक्रिया पूरी, बारिश के बाद शुरू होगा निर्माण

Ramgrah: रामगढ़ जिले के गिद्दी और भुरकुंडा के बीच दामोदर नदी पर नए पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. यह पुल गिद्दी-भुरकुंडा मार्ग पर मौजूदा जर्जर पुल के समानांतर बनाया जाएगा. गिद्दी और भुरकुंडा के बीच का यह मार्ग रामगढ़ और हजारीबाग जिलों को भी जोड़ता है. नए पुल के निर्माण के लिए निकाले गए टेंडर में चार संवेदकों ने हिस्सा लिया था. एल-वन के आधार पर कुमार एंड राय कंस्ट्रक्शन को काम की जिम्मेदारी दी गई है. पुल निर्माण पर करीब 17 करोड़ 47 लाख 99 हजार रुपये खर्च होंगे.

जर्जर पुल के कारण लोगों को परेशानी
दामोदर नदी पर बना मौजूदा गिद्दी-भुरकुंडा पुल काफी पुराना और जर्जर हो चुका है. इस पर रोजाना लोगों के साथ भारी वाहनों की आवाजाही होती है. पुल की खराब स्थिति के कारण लोगों को सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है. नए पुल के बनने के बाद गिद्दी, भुरकुंडा और आसपास के कोयलांचल क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है.

लंबे समय से चल रही थी नए पुल की मांग
नए पुल के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोग और दामोदर पुल बचाओ संघर्ष समिति लंबे समय से आवाज उठाते रहे हैं. पुल की जर्जर स्थिति को लेकर पहले भी आंदोलन और प्रदर्शन किए गए हैं. लगातार उठती मांग के बाद अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पुल निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है.

झारखंड सरकार कराएगी निर्माण, सीसीएल देगी राशि
नए पुल का निर्माण झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग की ओर से कराया जाएगा, जबकि निर्माण के लिए आवश्यक राशि सीसीएल की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी. इससे पहले भी नए पुल के निर्माण की जिम्मेदारी पथ निर्माण विभाग को दिए जाने की जानकारी सामने आई थी. सूत्रों के अनुसार, बरसात का मौसम खत्म होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है. दामोदर पुल बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारी पुरुषोत्तम पांडेय ने कहा कि नए पुल का निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी.



WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !