Jamshedpur News: जमशेदपुर के गोविंदपुर अन्ना चौक के पास खराब सड़क और जलजमाव को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा सामने आया. सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध किया.
जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह के नेतृत्व में लोगों ने सड़क पर बने बड़े गड्ढों में पौधे लगाए. इसके जरिए प्रशासन और संबंधित कंपनियों का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर खींचने की कोशिश की गई.
हादसों से परेशान हैं लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि अन्ना चौक और आसपास की सड़क लंबे समय से जर्जर है. गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है. लोगों के मुताबिक, आए दिन यहां दुर्घटनाएं भी हो रही हैं. सोमवार को हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई.
कंपनियों पर भी उठाए सवाल
डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि जेमको चौक से अन्ना चौक के बीच कई बड़ी औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, लेकिन सड़क की स्थिति सुधारने को लेकर अपेक्षित पहल नहीं हुई. उन्होंने प्रशासन से सड़क की मरम्मत के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की.
जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की आर्थिक नाकेबंदी जैसे कदम उठाने की चेतावनी भी दी. प्रदर्शन में जम्मी भास्कर, पिंकी सिंह, रमन सिंह, राजबान सिंह, गोविंदा लोहरा, इंद्रजीत सिंह, दिनेश सिंह समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की.