SCO Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंच गए. यह उनकी उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की राजकीय यात्रा का दूसरा चरण है. पीएम मोदी यहां शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. इसी बीच ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने दावा किया है कि पीएम मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी. मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए दोनों नेताओं की यह मुलाकात अहम मानी जा रही है.
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच मोदी-पेजेशकियन मुलाकात
पीएम मोदी और मसूद पेजेशकियन की संभावित बैठक ऐसे समय होने जा रही है, जब ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य तनाव फिर बढ़ गया है. रविवार को अमेरिका ने ईरान के लाराक द्वीप पर हवाई हमला किया. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC ने दावा किया कि हमले में उसके कई लड़ाके और नागरिक मारे गए. इसके बाद ईरान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई. ईरान ने जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया. इन हमलों के बाद दोनों देशों के बीच फिर से हवाई हमलों का सिलसिला शुरू हो गया है. पिछले कुछ दिनों से दोनों पक्षों के बीच इस तरह की सैन्य कार्रवाई रुकी हुई थी.
SCO बैठक में शामिल होंगे ईरानी राष्ट्रपति
IRNA के मुताबिक, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन भी SCO समिट और SCO प्लस बैठक में हिस्सा लेने के लिए तेहरान से बिश्केक रवाना हुए हैं. अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान पेजेशकियन कई देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे. इनमें पीएम मोदी के अलावा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और किर्गिस्तान, उज्बेकिस्तान तथा ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति शामिल हैं. पेजेशकियन छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के आधिकारिक उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लेंगे.
"ईरान युद्ध नहीं चाहता"
बिश्केक रवाना होने से पहले मसूद पेजेशकियन ने ईरान की स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन किसी भी आक्रामक कार्रवाई का मजबूती और दृढ़ता से जवाब दिया जाएगा. उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता को सभी देशों के लिए नुकसानदायक बताया. पेजेशकियन ने आर्थिक और सुरक्षा से जुड़े लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए देशों के बीच एकजुटता की जरूरत पर भी जोर दिया.
ईरानी राष्ट्रपति ने क्षेत्र के इतिहास और सभ्यता का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह ऐसा क्षेत्र है, जिसका इतिहास और सभ्यता हजारों साल पुरानी है. यहां लंबे समय से संवाद, सह-अस्तित्व और विकास की परंपरा रही है. पेजेशकियन के मुताबिक, शांति, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और सभ्यता की जड़ें इसी क्षेत्र में हैं. ऐसे में आज की दुनिया में भी इसी सोच को आगे बढ़ाने की जरूरत है.
किर्गिस्तान पहुंचने पर पीएम मोदी का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बिश्केक पहुंचे. एयरपोर्ट पर किर्गिज गणराज्य के कैबिनेट ऑफ मिनिस्टर्स के अध्यक्ष आदिलबेक कासिमालीव ने उनका स्वागत किया. पीएम मोदी किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव के निमंत्रण पर बिश्केक पहुंचे हैं. अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ कई देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ प्रस्तावित बैठक पर भी सभी की नजर रहेगी, क्योंकि यह मुलाकात ऐसे वक्त हो रही है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है.