Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-31

Palamu News: सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार

Palamu: सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में चोरी की घटनाओं की जांच कर रही नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों रात में सरकारी भवनों और स्कूलों को निशाना बनाते थे. गिरफ्तार आरोपियों में नामुदाग गांव निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश कुमार भुईयां और उसका साला अमोद भुईयां शामिल हैं. पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी संख्या में चोरी के इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य वस्तुएं बरामद की हैं.

चोरी का सामान बेचने की तैयारी की सूचना पर छापा
पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देशन में पुलिस को 30 अगस्त को चोरी के सामान के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी. जानकारी मिली कि नामुदाग निवासी अवधेश कुमार भुईयां के घर पर चोरी का सामान रखा गया है और उसे बेचने की तैयारी चल रही है. सूचना के आधार पर नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान मिले. इसके बाद अवधेश कुमार भुईयां और अमोद भुईयां को गिरफ्तार कर लिया गया.

रात में सरकारी संस्थानों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अवधेश कुमार भुईयां ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है. पुलिस का कहना है कि वह अपने साले अमोद के साथ मिलकर चोरी करता था. दोनों रात के समय ब्लॉक कार्यालय, स्कूल, पंचायत भवन और दूसरे सरकारी कार्यालयों में घुसते थे. ताला तोड़ने के बाद कंप्यूटर, प्रिंटर, CPU, इन्वर्टर, बैटरी और अन्य सामान लेकर चले जाते थे.

कई सरकारी कार्यालयों से चोरी का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने छतरपुर प्रखंड कार्यालय, छतरपुर विद्युत कार्यालय और पाटन प्रखंड कार्यालय से चोरी करने की बात बताई है. इसके अलावा नौडीहा बाजार प्रखंड कार्यालय, नामादाग पंचायत सचिवालय, स्थानीय फोटो कॉपी दुकानों और नामादाग हाई स्कूल को भी निशाना बनाने की बात सामने आई है.

छापेमारी में क्या-क्या मिला
पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 प्रिंटर बरामद किए हैं. इसके अलावा एक एसर लैपटॉप, एक एसर ऑल इन वन कंप्यूटर, एक लूमिनस बैटरी, एक डेल CPU और एक लेनोवो CPU मिला है. एक एसर डेस्कटॉप मॉनिटर, जेब्रोनिक्स होम थिएटर और रिकोह दीवार घड़ी भी बरामद हुई है. पुलिस ने दो इन्वर्टर मशीन और एक लेमिनेशन मशीन भी जब्त की है. तलाशी में दो माउस, एक लैपटॉप चार्जर, एक HP गैस सिलेंडर और एक मूविंग चेयर भी मिली. इसके अलावा तीन स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल पुलिस ने बरामद की हैं.

अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है. पूछताछ के आधार पर पुलिस चोरी की दूसरी घटनाओं और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !