Jamshedpur Flood Alert: जमशेदपुर में हो रही मूसलाधार बारिश ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है. शहर की दो प्रमुख नदियां खरकई और स्वर्णरेखा उफान पर हैं, जिससे निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ का संकट गहरा गया है. फ्लड सेल की सुबह 6 बजे की रिपोर्ट के मुताबिक, खरकई नदी आदित्यपुर में खतरे के निशान से 2.07 मीटर ऊपर बह रही है और इसका जलस्तर 131.07 मीटर दर्ज किया गया है. वहीं, स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 121.34 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से महज 16 सेंटीमीटर नीचे है. दोनों नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.
डैमों से छोड़ा गया पानी, कई इलाकों में फैला जलजमाव
लगातार बारिश के साथ साथ चांडिल डैम, गालूडीह बैराज और गांजिया बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण नदियों में जलप्रवाह बेहद तेज हो गया है. इस वजह से शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है.
शास्त्रीनगर, कदमा और बागबेड़ा समेत निचले इलाकों पर नजर
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण कक्ष पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं. विशेष रूप से शास्त्रीनगर, कदमा, बागबेड़ा, जुगसलाई और भुइयांडीह जैसे संवेदनशील और निचले इलाकों पर पैनी नजर रखी जा रही है. तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और राहत एवं बचाव दलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.
प्रशासन की अपील: नदी किनारे न जाएं, निर्देशों का पालन करें
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और बेवजह नदी के पास न जाने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे जारी सरकारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें और किसी भी आपात स्थिति या आपदा की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष या स्थानीय प्रशासन को दें.