Bihar News: पश्चिम चंपारण के बेतिया में सोमवार देर शाम एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर घायल किए जाने का मामला सामने आया है. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घायल व्यवसायी की पहचान सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ गांव निवासी गोविंदा साह के रूप में हुई है.
दुकान बंद कर लौट रहे थे घर
बताया जा रहा है कि गोविंदा साह मनुआपुल स्थित अपनी सोने-चांदी की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी. गोली उनके सीने में लगी. इसके बाद वह सड़क पर गिर पड़े.
गंभीर हालत में पटना भेजा गया
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल व्यवसायी को इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस लूट, पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.