Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-01

Train Waiting List Jharkhand: बेंगलुरु से झारखंड आने वाली ट्रेनों में "REGRET" और 100 पार पहुंची वेटिंग, त्योहारों से पहले सीटों की भारी किल्लत

Train Waiting List Jharkhand: त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले ही बेंगलुरु से झारखंड लौटने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ को देखते हुए ट्रेनों में अभी से सीटों की मारामारी शुरू हो गई है. कई ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार पहुंच चुकी है. वहीं, कुछ ट्रेनों में टिकट बुकिंग के दौरान "REGRET" दिख रहा है. इसका मतलब है कि फिलहाल टिकट मिलने की उम्मीद नहीं है. यात्रियों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन (JRUA) ने रेलवे से स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है.

हटिया जाने वाली ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल
JRUA ने 31 अगस्त को साउथ वेस्टर्न रेलवे के बेंगलुरु डिवीजन के DRM को पत्र भेजा है. एसोसिएशन के मुताबिक, बेंगलुरु से हटिया जाने वाली SMVB हटिया एक्सप्रेस और SMVB हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस में कई श्रेणियों में सीट उपलब्ध नहीं है. कई जगहों पर बुकिंग स्टेटस "REGRET" दिख रहा है. एसोसिएशन ने 15 अक्टूबर की एक ट्रेन के रद्द होने की जानकारी भी दी है.

टाटानगर रूट पर भी बढ़ी वेटिंग
बेंगलुरु से टाटानगर आने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है. कई ट्रेनों में वेटिंग 100 से ऊपर पहुंच गई है. वहीं, बेंगलुरु से बोकारो और धनबाद के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने से इन शहरों के यात्रियों को दूसरे विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं. त्योहार नजदीक आने के साथ यह समस्या और बढ़ने की आशंका है.

धनबाद और हटिया के लिए स्पेशल ट्रेन का प्रस्ताव
JRUA ने येलहंका से धनबाद के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे के सामने रखा है. एसोसिएशन ने ट्रेन को DMM, GNT, RDGA, RNC और BKSC होते हुए चलाने का सुझाव दिया है. हुसूर या बेंगलुरु से हटिया के लिए भी इसी रूट पर ट्रेन चलाने की मांग की गई है. इस रूट पर सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने और कुल 32 अप-डाउन ट्रिप कराने का प्रस्ताव दिया गया है.

टाटानगर और आदित्यपुर के लिए भी ट्रेन की मांग
एसोसिएशन ने दूसरे रूट के लिए येलहंका से टाटानगर और आदित्यपुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का सुझाव दिया है. इस रूट पर कुल 16 ट्रिप चलाने की मांग की गई है. JRUA का कहना है कि इससे त्योहार के समय घर लौटने वाले यात्रियों को काफी राहत मिल सकती है.

छठ से पहले यात्रियों की चिंता बढ़ी
बेंगलुरु में झारखंड के साथ बिहार और ओडिशा के भी बड़ी संख्या में लोग नौकरी और कारोबार करते हैं. दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं. ऐसे में त्योहार से कई सप्ताह पहले ही टिकट की स्थिति खराब होने से यात्रियों की चिंता बढ़ गई है. JRUA अध्यक्ष कुमार अभिषेक, सचिव नैयर इमाम और कोषाध्यक्ष छोटी कुमारी ने रेलवे से जल्द फैसला लेने की अपील की है.

एसोसिएशन का कहना है कि त्योहारों पर घर लौटना लोगों के लिए सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि परिवार से मिलने और परंपराओं से जुड़ने का मौका है. इसलिए समय रहते स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया जाए, ताकि यात्रियों को आखिरी समय में परेशानी का सामना न करना पड़े.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !