Hazaribagh: हजारीबाग के बरही के बेंधगी में मंगलवार सुबह मछली पकड़ने गए एक बुजुर्ग मछुआरे की डूबने से मौत हो गई. हादसे में 60 वर्षीय वीरेंद्र पासवान की जान चली गई. मिली जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र पासवान सुबह नाव से मछली पकड़ने के लिए बेंधगी गए थे. इसी दौरान नाव पर उनका पैर अचानक फिसल गया. पैर फिसलने के बाद वह सीधे पानी में जा गिरे. बताया जा रहा है कि वीरेंद्र को तैरना नहीं आता था. इसी वजह से वह खुद को संभाल नहीं सके और पानी में डूब गए.
लोगों ने पानी से बाहर निकाला शव
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद वीरेंद्र पासवान के शव को पानी से बाहर निकाला. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
परिवार में पसरा मातम
घटना के बाद वीरेंद्र पासवान के परिवार में मातम छा गया. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नाव से मछली पकड़ने के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है. ऐसे समय में लाइफ जैकेट जैसे सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल हादसे का खतरा कम कर सकता है.