Election Commission News: निर्वाचन आयोग में आज प्रेस वार्ता कर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने 2 और 3 सितंबर को होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भारत में पहली बार इस तरह का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. इसमें चुनाव और लोकतंत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे.
देश-विदेश के विशेषज्ञ होंगे शामिल
सम्मेलन में अलग-अलग देशों और भारत के विश्वविद्यालयों से प्रोफेसर, विशेषज्ञ और इंटरनेशनल स्तर के ट्रेनर्स पहुंचेंगे. ये विशेषज्ञ चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अपने अनुभव और शोध साझा करेंगे. इसके अलावा दूसरे देशों में चुनाव कैसे कराए जाते हैं, इसकी जानकारी भी सम्मेलन में मिलेगी.
वोटर रजिस्ट्रेशन रहेगा मुख्य विषय
सम्मेलन की मुख्य थीम "वोटर रजिस्ट्रेशन और वोटर रजिस्टर" रखी गई है. इस दौरान मतदाता पंजीकरण और वोटर लिस्ट से जुड़े अंतरराष्ट्रीय शोध पर चर्चा होगी. दूसरे देशों के प्रतिनिधियों को भारत की चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी जाएगी.
58 शोध-पत्र मिले, महत्वपूर्ण पेपर होंगे पेश
के. रवि कुमार ने बताया कि सम्मेलन को लेकर संबंधित संस्थानों और विशेषज्ञों को जानकारी दी गई थी. इसके बाद कुल 58 शोध-पत्र प्राप्त हुए हैं. इनमें से महत्वपूर्ण शोध-पत्रों का चयन किया गया है. सम्मेलन के दौरान इन पर चर्चा होगी. इन शोध-पत्रों को बाद में ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया जाएगा.
चुनाव व्यवस्था पर होगा विचार-विमर्श
दो दिनों के सम्मेलन में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कई विषयों पर चर्चा होगी. मतदाता पंजीकरण, वोटर रजिस्टर और चुनाव व्यवस्था इसके प्रमुख मुद्दे रहेंगे. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक, सम्मेलन से भारत और दूसरे देशों की चुनावी व्यवस्था को समझने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा.