सरायकेला : सदर अस्पताल की सुविधाओं और प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को अस्पताल मैनेजमेंट कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में विधायक चंपई सोरेन के प्रतिनिधि सनंद आचार्य, सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार, अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट नकुल प्रसाद चौधरी, डीपीएम निर्मल कुमार दास और अस्पताल प्रबंधक संदीप कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सदर अस्पताल की वर्तमान स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, आवश्यक संसाधनों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाने पर बल दिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार ने अस्पताल के संचालन, उपलब्ध सेवाओं एवं आने वाली चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही भविष्य में अस्पताल की बेहतरी के लिए की जाने वाली पहलों को भी साझा किया।
अस्पताल मैनेजमेंट कमेटी ने अस्पताल की कमियों, मरीजों को हो रही परेशानियों तथा आवश्यक संसाधनों की कमी जैसे मुद्दों पर चर्चा कर समुचित समाधान के सुझाव दिए।
बैठक में सभी सदस्यों ने एकमत से कहा कि अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए कमेटी सक्रिय भूमिका निभाएगी और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।