Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-01

Seraikela News: राजनगर के चेकडैम में नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में बहा युवक, NDRF की टीम तलाश में जुटी

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले राजनगर थाना क्षेत्र में रांजन और छोटाकांकी गांव की सीमा पर बने चेकडैम में नहाने के दौरान एक युवक तेज पानी के बहाव में बह गया. हादसे के बाद से युवक लापता है. लापता युवक की पहचान छोटाकांकी गांव निवासी कपूर प्रधान के बेटे प्रद्युम्न प्रधान के रूप में हुई है. घटना के बाद उसके दो साथी किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल गए.

दो दोस्तों के साथ चेकडैम पहुंचा था प्रद्युम्न
जानकारी के अनुसार, प्रद्युम्न रोज की तरह स्कूली बच्चों को उनके गंतव्य तक छोड़कर वापस लौटा था. इसके बाद दोपहर में वह अपने दो साथियों के साथ चेकडैम में नहाने चला गया. बताया गया कि तीनों युवक पानी में नहा रहे थे. इसी दौरान ऊपरी इलाके से अचानक पानी का बहाव तेज हो गया. तेज धारा और भंवर की चपेट में आने से प्रद्युम्न अपना संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया.

उसके दोनों साथियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई. बाहर निकलने के बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी.

ग्रामीणों ने भी शुरू की तलाश
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण चेकडैम के पास पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने जाल और रस्सी की मदद से प्रद्युम्न को खोजने की कोशिश की.
हालांकि, पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण युवक का कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद राजनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई.

NDRF की टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया. राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर NDRF की टीम को बुलाया गया.
NDRF के प्रशिक्षित गोताखोर मोटरबोट और आधुनिक उपकरणों की मदद से चेकडैम और उससे जुड़े नदी क्षेत्र में प्रद्युम्न की तलाश कर रहे हैं.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
प्रद्युम्न के लापता होने की खबर के बाद उसके परिवार में मातम का माहौल है. परिजन लगातार उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं. वहीं, पूरे गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है.
प्रशासन ने पानी का बहाव तेज होने को देखते हुए लोगों से चेकडैम और नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !