Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-01

East Singhbhum News: देश के आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को मिला अपना 30 बेड का अस्पताल, मंत्री इरफान अंसारी ने किया उद्घाटन

East Singhbhum: पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया प्रखंड के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा की बड़ी सौगात मिली है. भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उद्घाटन किया.

उद्घाटन कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो और पूर्व विधायक व पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.

आजादी के बाद पहली बार डुमरिया में 30 बेड का अस्पताल
उद्घाटन के बाद पोटका विधायक संजीव सरदार ने इसे डुमरिया के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार प्रखंड को 30 बेड का अपना अस्पताल मिला है.
उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के करीब 26 साल बाद डुमरिया में इतनी बड़ी स्वास्थ्य सुविधा शुरू हुई है. इससे पहले लोगों को पुराने भवन में ही इलाज कराना पड़ता था. विधायक ने कहा कि डुमरिया में अस्पताल की मांग लंबे समय से चली आ रही थी. नए अस्पताल के शुरू होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी.

अस्पताल में 24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 बेड की व्यवस्था की गई है. यहां अलग-अलग तरह की रक्त जांच के साथ गैर-संचारी रोगों यानी NCD से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी. अस्पताल में किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र भी शुरू किया जाएगा. स्वास्थ्य केंद्र को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था की गई है. ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के माध्यम से टीबी, मलेरिया, पीलिया समेत अन्य जरूरी जांच की सुविधा भी लोगों को मिलेगी.

मैनपावर और उपकरण बढ़ाने की मांग
संजीव सरदार ने कहा कि अस्पताल शुरू होने के बाद यहां कर्मचारियों और जरूरी उपकरणों की कमी नहीं होनी चाहिए. इसको लेकर उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के सामने अपनी मांग रखी है.
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए अस्पताल में जरूरी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है.

हर पंचायत में स्वास्थ्य भवन बनाने की तैयारी
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि अब प्रखंड स्तर के बाद पंचायत स्तर पर भी स्वास्थ्य भवन बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. इसका उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के आसपास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
उन्होंने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य के साथ सड़क, शिक्षा, भवन और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी काम जारी रहेगा.

रिम्स-2 को लेकर मंत्री ने कही बड़ी बात
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य को जल्द ही रिम्स-2 की सौगात मिलने वाली है.  उन्होंने पोटका विधायक संजीव सरदार के काम की भी सराहना की. मंत्री ने कहा कि संजीव सरदार लगातार क्षेत्र की जनता के लिए काम कर रहे हैं. मंत्री ने यह भी कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य के क्षेत्र में आने वाले समय में और सुविधाएं दी जाएंगी.

अस्पताल परिसर में किया गया पौधारोपण
उद्घाटन के बाद अस्पताल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी हुआ. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, विधायक संजीव सरदार समेत अन्य अतिथियों ने पौधे लगाए. इस दौरान स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जरूरी बताया गया. अतिथियों ने कहा कि स्वच्छ और हरा वातावरण स्वस्थ समाज के लिए महत्वपूर्ण है.

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू, जिला सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डुमरिया सीओ पवन कुमार, बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, मिर्जा सोरेन, भगत बसके समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !