Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के सिनी ओपी क्षेत्र के वार्षिणी प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, मानव तस्करी और नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई. सिनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के जरूरी उपाय बताए. उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए. उन्होंने छात्रों से अपना ओटीपी और बैंक से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की. साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करने की सलाह दी गई.
नौकरी और पैसे का लालच देकर होती है मानव तस्करी
मानव तस्करी के बारे में जानकारी देते हुए ओपी प्रभारी ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में लोगों को नौकरी और पैसे का लालच देकर दूसरे स्थानों पर ले जाने के मामले सामने आते हैं. उन्होंने छात्रों को ऐसे लोगों और संदिग्ध गतिविधियों से सावधान रहने को कहा. साथ ही किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील
नशे के दुष्प्रभावों पर भी छात्रों को जागरूक किया गया. ओपी प्रभारी ने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य पर नहीं पड़ता, बल्कि इससे पूरा परिवार प्रभावित होता है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर पढ़ाई और अपने भविष्य पर ध्यान देने की अपील की.
अपराध की जानकारी मिलने पर 112 पर करें कॉल
अभियान के अंत में विनय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी अप्रिय घटना या अपराध की जानकारी मिलने पर चुप न रहें. ऐसी स्थिति में तुरंत डायल 112 या सिनी ओपी को सूचना देने की अपील की गई. कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.