Jharkhand News: महागामा थाना पुलिस ने मंगलवार रात्री गश्ती के दौरान भांजपुर पुल के पास दो संदिग्ध युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों युवकों की पहचान मिथुन कुमार और दर्शन कुमार, दोनों निवासी भांजपुर, महागामा, गोड्डा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात महागामा थाना क्षेत्र में नियमित रात्री गश्ती की जा रही थी। इसी दौरान भांजपुर गांव स्थित पुल के पास पुलिस टीम की नजर दो युवकों पर पड़ी। पुलिस को देखते ही दोनों मौके से भागने लगे। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी में एक युवक के पास मिला देशी कट्टा
पुलिस ने दोनों की विधिवत तलाशी ली। इस दौरान मिथुन कुमार के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस, जबकि दर्शन कुमार के पास से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार और कारतूस से संबंधित लाइसेंस या वैध दस्तावेज मांगे जाने पर दोनों कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर सील कर दिया। दोनों युवकों के खिलाफ महागामा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। महागामा एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाया गया था और इसे रखने के पीछे दोनों का क्या उद्देश्य था।