Dhanbad News: धनबाद भवन प्रमंडल कार्यालय में बुधवार को करीब 2.5 करोड़ रुपये के सरकारी टेंडर को लेकर विवाद खड़ा हो गया. स्थानीय और बाहरी संवेदकों के बीच शुरू हुई बहस कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई. हंगामे की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है.
जमशेदपुर के संवेदक के पहुंचते ही विरोध
भवन प्रमंडल विभाग की ओर से करीब 2.5 करोड़ रुपये का ऑनलाइन टेंडर जारी किया गया था. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमशेदपुर के एक संवेदक बुधवार को एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने के लिए धनबाद कार्यालय पहुंचे थे. उनके पहुंचने की जानकारी मिलते ही कुछ स्थानीय संवेदकों ने इसका विरोध शुरू कर दिया.
काम को लेकर आमने-सामने आए संवेदक
स्थानीय संवेदकों का कहना था कि धनबाद के ठेकेदारों को ही पर्याप्त सरकारी काम नहीं मिल पा रहा है. ऐसे में बाहरी संवेदकों को काम मिलने पर उन्होंने आपत्ति जताई. इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया.
कहासुनी के बाद हुई मारपीट
पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई. देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया. दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे. इससे भवन प्रमंडल कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया.
दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया
पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है. दोनों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे विवाद की वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार ने घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित किए जाने की जानकारी दी है. फिलहाल पुलिस और विभागीय स्तर पर मामले की जांच जारी है.