FLY91 के साथ शुरू किया नया सफर
भारतीय वायु सेना से रिटायर होने के बाद अभिनंदन ने नागरिक उड्डयन का रुख किया है. उन्होंने FLY91 में पायलट के तौर पर काम शुरू किया है. हालांकि, FLY91 ने उनकी भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया है. कंपनी ने इसके पीछे निजता का कारण बताया है. FLY91 की शुरुआत मार्च 2024 में हुई थी. यह एयरलाइन गोवा और हैदराबाद से अपनी उड़ानें संचालित करती है. कंपनी के बेड़े में ATR 72 600 विमान शामिल हैं.
2019 में पाकिस्तान के F 16 से हुई थी भिड़ंत
अभिनंदन उस समय श्रीनगर एयर फोर्स स्टेशन पर तैनात थे. फरवरी 2019 में पाकिस्तान के लड़ाकू विमान भारतीय सीमा की ओर बढ़े थे. उन्हें रोकने के लिए अभिनंदन ने MiG 21 बाइसन से उड़ान भरी थी. इसके बाद आसमान में दोनों देशों के लड़ाकू विमानों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान अभिनंदन ने पाकिस्तान के एक F 16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था.
विमान गिरा तो पाकिस्तान में उतरे
हवाई मुठभेड़ के दौरान अभिनंदन का MiG 21 भी मिसाइल की चपेट में आ गया था. विमान को नुकसान पहुंचने के बाद उन्हें इजेक्ट करना पड़ा. पैराशूट से उतरने के बाद वह पाकिस्तान के इलाके में पहुंच गए. इसके बाद उन्हें पाकिस्तानी सेना ने हिरासत में ले लिया. अभिनंदन करीब तीन दिन तक पाकिस्तान की हिरासत में रहे. इस दौरान उनके धैर्य और हिम्मत की देशभर में चर्चा हुई. बाद में भारत के कूटनीतिक दबाव और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच पाकिस्तान ने उन्हें रिहा किया. वह वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौटे.
2021 में मिला था वीर चक्र
अभिनंदन की बहादुरी के लिए भारत सरकार ने उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया. यह देश का तीसरा सबसे बड़ा युद्धकालीन वीरता पुरस्कार है. उन्हें यह सम्मान साल 2021 में दिया गया था. उनकी खास मूंछें और बालाकोट के बाद सामने आई तस्वीरें भी देश में काफी चर्चित हुई थीं. अब वायु सेना की सेवा के बाद अभिनंदन नागरिक विमान उड़ाएंगे. FLY91 के साथ उनकी नई पारी कमर्शियल एविएशन में होगी.