Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-04

Giridih News: गिरिडीह में 25 हाथियों के झुंड से दहशत, 7 पंचायतों में अलर्ट, वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

Giridih: गिरिडीह के डुमरी इलाके में इन दिनों जंगली हाथियों का झुंड ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है. छोटकी बैरगी के जंगल में करीब 25 हाथियों के मौजूद होने की सूचना है. यह इलाका बड़की बैरगी पंचायत में आता है. हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

इन पंचायतों में खास सावधानी
वन विभाग ने बड़की बैरगी के अलावा बेरहा सुईयाडीह, ससारखो, जरीडीह, नागाबाद, खुदीसार और जीतकुंडी पंचायत के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है. विभाग के अनुसार, हाथियों की गतिविधियों पर एलिफेंट ड्राइव टीम लगातार नजर रख रही है. झुंड जिस तरफ आगे बढ़ेगा, उसकी जानकारी ग्रामीणों को समय-समय पर दी जाएगी.

शाम के बाद बाहर निकलने से बचें
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अंधेरा होने के बाद घर से बाहर न निकलें. आसपास के लोगों को भी हाथियों की मौजूदगी की जानकारी देकर सावधान करने को कहा गया है. ग्रामीणों को हाथियों के पास जाने या उनके आसपास भीड़ लगाने से साफ तौर पर मना किया गया है. शोर करने से भी बचने की सलाह दी गई है.

हाथियों का वीडियो बनाने से बचें
वन विभाग ने चेतावनी दी है कि हाथियों को करीब से देखने या उनका वीडियो बनाने की कोशिश भारी पड़ सकती है. अगर हाथी अचानक आक्रोशित हो जाएं तो वे तेजी से दौड़कर हमला कर सकते हैं. इससे जान-माल का नुकसान हो सकता है. विभाग ने कहा है कि दिन के समय भी हाथियों के आसपास भीड़ जमा करना सुरक्षित नहीं है. अगर किसी जगह हाथियों को देखने के लिए लोग जुटते हैं तो उन्हें तुरंत वहां से हटकर सुरक्षित स्थान पर चले जाना चाहिए.

हाथियों की लोकेशन पर नजर
एलिफेंट ड्राइव टीम लगातार झुंड की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है. हाथियों की लोकेशन और उनके आगे बढ़ने की दिशा की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी. गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी ने लोगों से वन विभाग का सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने ग्रामीणों से खुद के साथ अपने परिवार की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देने को कहा है. वन विभाग का साफ कहना है कि हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, उनके आसपास भीड़ न लगाएं और अंधेरा होने के बाद बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !