Jamshedpur News: जमशेदपुर के टुइलाडुंगरी में इस साल दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू हो गई है. श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी ने शुक्रवार, 4 सितंबर को पूजा पंडाल के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर वैदिक मंत्रों के साथ पूजा की गई. इस दौरान मां दुर्गा से क्षेत्र के लोगों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई.
कमिटी के पदाधिकारी रहे मौजूद
भूमि पूजन में कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी, अध्यक्ष मिथलेश सिंह यादव और महासचिव दिनेश कुमार मौजूद रहे. कर्ता कृष्णा साहू ने मुख्य यजमान के रूप में पूजा की. पंडित निरंजन रथ और पंडित प्रदीप्त कुमार दास के मार्गदर्शन में पूरा अनुष्ठान कराया गया. मंत्रोच्चार के बीच पूजा स्थल पर भक्तिमय माहौल रहा.
1934 से चली आ रही है पूजा
कमिटी के महासचिव दिनेश कुमार ने बताया कि टुइलाडुंगरी की दुर्गा पूजा काफी पुरानी है. आजादी से पहले ओडिया समाज के लोगों ने यहां पूजा की शुरुआत की थी.
वर्ष 1934 से यहां लगातार दुर्गा पूजा होती आ रही है. समय के साथ इस पूजा का स्वरूप भी बड़ा होता गया.
2000 से भव्य रूप में हो रही पूजा
दिनेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2000 से श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी की पूजा शहर के प्रमुख पूजा आयोजनों में शामिल है. हर साल यहां बड़ा पूजा पंडाल बनाया जाता है. पंडाल के साथ आकर्षक सजावट और विद्युत सज्जा भी की जाती है. पूजा के दौरान मेले का भी आयोजन होता है. जमशेदपुर के अलावा दूर के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां मां दुर्गा के दर्शन करने पहुंचते हैं.
इस साल भी भव्य आयोजन की तैयारी
कमिटी का कहना है कि इस बार भी पूजा को भव्य और व्यवस्थित बनाने की तैयारी है. भूमि पूजन के साथ ही पंडाल निर्माण और दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं.
कमिटी के सदस्यों ने लोगों से पूजा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है. भूमि पूजन के दौरान राजकुमार सिंह, आमोद कुमार सिंह, प्रशांत गिरी, रंजीत गुप्ता, डॉ. संजय गिरी, बी. श्रीनिवास राव, बलकार सिंह, पाण्डेय प्रधान, अमरीक सिंह मिक्के, संजय कुमार साह, सागेन कंडूलना, आशीष प्रधान, वीरेंद्र प्रधान, सामू होनहागा, शिवनाथ बिहारी, राधेश्याम और उमेश जग्गी भोला समेत कई लोग मौजूद रहे.