Chaibasa News: राउरकेला रेलवे स्टेशन पर महिला यात्री से दुष्कर्म के आरोपी रेल कर्मचारी कपिलेश्वर सिंह पर रेलवे ने कार्रवाई की है. चक्रधरपुर रेल मंडल ने उसे तुरंत नौकरी से बर्खास्त कर दिया है. रेलवे ने उसके पेंशन और रिटायरमेंट से जुड़े सभी भत्तों पर भी रोक लगा दी है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मामला गंभीर होने के कारण यह कदम उठाया गया है.
3 अगस्त को सामने आया था मामला
घटना 3 अगस्त की बताई जा रही है. एक महिला यात्री टिकट को लेकर परेशान थी. आरोप है कि कपिलेश्वर सिंह ने उसकी मदद करने की बात कही. उसने महिला को सीट कन्फर्म कराने का भरोसा दिया. इसके बाद वह महिला को स्टेशन परिसर में बने अपने दफ्तर में ले गया. महिला ने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. घटना की जानकारी सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे.
जीआरपी को जांच में सहयोग करेगा रेलवे
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य चौधरी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने कड़ा फैसला लिया है. रेलवे की ओर से जीआरपी को जरूरी दस्तावेज दिए जा रहे हैं. मामले की जांच में रेलवे पूरा सहयोग करेगा.
स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर
रेलवे ने कहा है कि इस तरह की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी है. सुरक्षा व्यवस्था की भी दोबारा समीक्षा की जाएगी. फिलहाल कपिलेश्वर सिंह को रेलवे की नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है. मामले की आगे की जांच जीआरपी कर रही है.