Bokaro News: बोकारो के बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुंदरम स्टील में काम के दौरान एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए बोकारो जेनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान देवघर निवासी अजय कौल के रूप में हुई है.
काम के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक अजय कौल सुंदरम स्टील में मजदूरी करता था. काम के दौरान वह घायल हो गया था. गंभीर स्थिति में उसे बीजीएच में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान चली गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन बोकारो पहुंचे. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.
मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन
मृतक के परिजनों ने मुआवजा और आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग रखी है. इसी मांग को लेकर परिजन प्रबंधन से बातचीत कर रहे हैं. मामले को सुलझाने के लिए प्रबंधन और परिजनों के बीच अब तक दो दौर की वार्ता हो चुकी है. हालांकि, बातचीत के बाद भी अंतिम सहमति की स्थिति स्पष्ट नहीं है.
आजसू ने दिया समर्थन
आजसू जिलाध्यक्ष सचिन कुमार महतो ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि प्रबंधन को परिवार को उसका हक देना चाहिए. वहीं, बालीडीह थाना प्रभारी जीतेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की स्थिति पर पुलिस की नजर है.