Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. शव बंदगांव-कोचांग मार्ग पर करकट्टा घाटी के पास सड़क किनारे मिला. युवक की हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी. हत्यारों ने सब्बल से उसके शरीर पर कई वार किए. आखिरी वार के बाद सब्बल युवक के गले में ही छोड़कर आरोपी मौके से भाग गए. रविवार सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी. ग्रामीणों ने इसकी जानकारी मुखिया करम सिंह मुंडरी को दी. मुखिया ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. खबर मिलते ही बंदगांव थाना की टीम मौके पर पहुंची.
अंगरिया गांव के युवक की हुई पहचान
पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के लोगों और बंदगांव-कोचांग मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों से पूछताछ की. इसी दौरान युवक के अंगरिया गांव का रहने वाला होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस और मुखिया करम सिंह मुंडरी अंगरिया गांव पहुंचे. परिजनों और ग्रामीणों को घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां उन्होंने शव की पहचान की. पुलिस को घटनास्थल के पास युवक की बाइक और कुछ अन्य सामान भी मिला है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
हत्या की वजह का पता नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है. पुलिस अज्ञात हत्यारों की तलाश कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है. काफी समय बाद इलाके में हुई इस तरह की घटना से ग्रामीणों में डर का माहौल है. पुलिस जल्द हत्या की वजह और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.