Jamshedpur Womens University Convocation: झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह का स्वरूप बदल दिया गया है. 8 सितंबर को बिष्टुपुर स्थित एक्सएलआरआई में होने वाला समारोह अब पूरी सादगी के साथ आयोजित किया जाएगा. पहले कार्यक्रम में सांस्कृतिक और रंगारंग प्रस्तुतियां रखी गई थीं. अब इन्हें हटा दिया गया है. विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार ने रविवार को इसकी जानकारी दी.
मंत्री के निधन के बाद बदला समारोह का स्वरूप
कुलपति ने बताया कि सोमवार को लोकभवन से अगर कोई नया आदेश आता है, तो उसके अनुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा. फिलहाल दीक्षांत समारोह में किसी तरह का सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा. समारोह मंगलवार दोपहर 12 बजे से शुरू होगा. इसके मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे. विश्वविद्यालय ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं और सोमवार को समारोह का रिहर्सल किया जाएगा. दीक्षांत समारोह में इस बार करीब 2200 छात्राओं को डिग्री दी जाएगी.
यूजी और पीजी की 53 टॉपर छात्राओं को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा. इस बार विश्वविद्यालय में पहली बार चांसलर मेडल भी दिया जाएगा. यह सम्मान ओवरऑल टॉपर छात्रा को मिलेगा. इसका उद्देश्य छात्राओं में पढ़ाई के प्रति रुचि और बेहतर प्रदर्शन की प्रतिस्पर्धा बढ़ाना है. इसके अलावा दो छात्राओं को रेखा झा मेमोरियल मेडल दिया जाएगा. दोनों छात्राओं को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी मिलेगी.
कुलपति के अनुसार राज्यपाल का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम विश्वविद्यालय को मिल चुका है. राज्यपाल दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक समारोह में मौजूद रहेंगे. इसके बाद वह सर्किट हाउस जाएंगे. एक्सएलआरआई सभागार में सीमित सीट होने के कारण एक साथ करीब 1100 छात्राओं को ही बैठाया जाएगा. राज्यपाल के जाने के बाद बाकी 1100 छात्राओं को भी सभागार में बुलाकर डिग्री प्रदान की जाएगी. इस तरह सभी 2200 छात्राओं को उनकी डिग्री मिल सकेगी. डिग्री लेने वाली छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से गाउन और अंगवस्त्र दिया जाएगा. समारोह के बाद गाउन वापस करना होगा, जबकि छात्राएं अंगवस्त्र अपने साथ घर ले जा सकेंगी.