Ramgarh News: जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में जंगली हाथियों का विचरण लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। अब दो जंगली हाथियों के शहरी क्षेत्र में पहुंचने से लोगों में दहशत का माहौल है। बीती रात सांडी के वार्ड नंबर 1 और 2 में हाथियों ने घर और दुकानों को नुकसान पहुंचाया। वहीं, टूटी झरना जाने वाले मार्ग पर भी एक दुकान को हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
दुकान को तोड़ा, सामान भी किया बर्बाद, डर के बीच रात गुजार रहे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथियों ने दुकान को काफी नुकसान पहुंचाया। दुकान में रखे सामान को भी हाथियों ने खा लिया और कई सामान बर्बाद कर दिए। इसके अलावा क्षेत्र में कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचाए जाने की बात सामने आई है।
हाथियों के शहरी क्षेत्र में घूमने और घर-दुकानों के आसपास पहुंचने की पूरी गतिविधि CCTV कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में हाथियों को रिहायशी इलाके में घूमते और संपत्ति को नुकसान पहुंचाते देखा जा सकता है।
जंगली हाथियों के लगातार रिहायशी इलाकों में पहुंचने से स्थानीय लोग भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। लोगों को आशंका है कि हाथियों का सामना होने पर जान-माल का नुकसान हो सकता है। खासकर रात के समय लोग घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग की ओर से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर भगाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक हाथियों के विचरण पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है।
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
हाथियों के लगातार शहरी क्षेत्र में पहुंचने और घर-दुकानों को नुकसान पहुंचाने के बाद लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से सुरक्षित तरीके से दूर किया जाए।
फिलहाल दो जंगली हाथियों की मौजूदगी से सांडी और आसपास के इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।