Jamshedpur News: मानगो के मून सिटी स्थित हनुमान मंदिर के पास सोमवार को एक अज्ञात महिला के पहुंचने से लोगों का ध्यान उसकी ओर गया। महिला ने अपना नाम रूपा बताया है और खुद को सोनारी के कागलनगर की रहने वाली बताया। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। महिला से बातचीत के दौरान उसने अपने पिता पर मारपीट करने और उसे जलाने का आरोप लगाया।
बाएं पैर पर मिले जलने के निशान
महिला ने स्थानीय लोगों को बताया कि कुछ दिन पहले उसके पिता ने उसके साथ मारपीट की और उसे जला दिया था। महिला के बाएं पैर पर जलने के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद महिला का MGM अस्पताल में इलाज चल रहा था।
बताया जा रहा है कि महिला सोमवार को अचानक MGM अस्पताल से निकल गई और भटकते हुए मानगो के मून सिटी इलाके में पहुंच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी उलीडीह थाना पुलिस को दी।
बार-बार मां के घर जाने की लगा रही गुहार
मून सिटी पहुंची महिला लगातार लोगों से अपनी मां के घर पहुंचाने की गुहार लगा रही है। वह बार-बार कह रही है कि उसे अपनी मां के घर जाना है। स्थानीय लोगों ने महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी है।
फिलहाल महिला के पिता पर लगाए गए मारपीट और जलाने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस महिला से जानकारी लेकर पूरे मामले की जांच कर सकती है और उसके परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।